![]()
गयाजी के चाकंद थाना क्षेत्र के पीर बिगहा गांव में बकाया मजदूरी मांगने गए युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 25 साल के इरफान के रूप में हुई है। घटना में इरफान का भाई रिजवान भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। रिजवान का इलाज मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद आरोपी घर में ताला बंद कर गांव छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। मृतक के परिजनों के मुताबिक, इरफान गांव के मुन्ना ठेकेदार के यहां मजदूरी करता था। इरफान का करीब 10 दिनों का मजदूरी बकाया था। मजदूरी मांगने के लिए वो लगातार ठेकेदार के घर जा रहा था। लेकिन हर बार उसे टाल दिया जाता था। मंगलवार की शाम भी इरफान बकाया पैसे मांगने मुन्ना के घर पहुंचा। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। मामला बढ़ा तो मारपीट की नौबत आ गई। सूचना पर चाकंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची दोनों पक्षों को समझा कर शांत कराया। रिजवान को विवाद की जानकारी हुई तो मुन्ना के घर पहुंचा बताया गया कि मामला शांत होने के बाद इरफान घर लौट आया। जब उसे विवाद की जानकारी हुई तो वो मुन्ना के घर बात करने पहुंचा। पीछे से इरफान भी चला आया। बातचीत के दौरान ही मुन्ना और इरफान, रिजवान के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। लाठी-डंडे और रोड़ेबाजी शुरू हो गई। इसी दौरान इरफान के सिर पर पत्थर लगा, जिसके बाद वो बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। घटना के बाद इरफान को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल रिजवान को इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया। पीड़ित परिवार ने चाकंद थाना में लिखित शिकायत दी है। इस मामले में 10 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मजदूरी मांगने गए युवक की हत्या के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
Source link