![]()
औरंगाबाद शहर में सोमवार को अतिक्रमण हटाया गया। डीएम अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर नगर परिषद की ओर से अभियान चलाया गया। रमेश चौक से लेकर सब्जी मंडी तक सड़क किनारे से अस्थायी दुकानें और अतिक्रमित संरचनाओं पर बुलडोजर चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस बल और दंडाधिकारी की तैनाती की गई थी। नगर परिषद के अधिकारियों ने फुटपाथ और सड़क किनारे कब्जा कर दुकान लगाने वालों को सख्त चेतावनी दी कि आगे से सड़क पर दुकान लगाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। तीन चरणों में चलाया जाएगा अतिक्रमण हटाओ अभियान नगरपालिका के जेई लव कुमार सिंह ने बताया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए 3 चरणों में कार्रवाई की जाएगी। पहले चरण में रमेश चौक से सब्जी मंडी तक अतिक्रमण हटाया जा रहा है। दूसरे चरण में नवाडीह रोड और तीसरे चरण में धर्मशाला सहित अन्य क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ते जाम की मुख्य वजह सड़क किनारे अवैध दुकानें और अतिक्रमण है। अभियान पूरा होने के बाद वाहन चालकों, सब्जी विक्रेताओं और आम लोगों को काफी राहत मिलेगी। जिला प्रशासन नवाडीह रोड को वन-वे बनाने की योजना पर भी काम कर रहा है, ताकि यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके। टेंपो स्टैंड को दूसरे जगह शिफ्ट करने की तैयारी नवाडीह मोड़ के आसपास लगे अवैध टेंपो स्टैंड को भी दूसरी जगह शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार शहर में फल और सब्जी विक्रेताओं के लिए नए जेल के पास 82 दुकानों का निर्माण कराया गया है। मई के अंतिम सप्ताह तक सब्जी और फल मंडी को वहां स्थानांतरित करने की योजना है। अभियान के दौरान नगर परिषद और नगर थाना की टीम लगातार लोगों को समझाने में भी जुटी रही। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हालांकि कुछ दुकानदारों ने कार्रवाई पर नाराजगी भी जताई, लेकिन प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शहर को जाम मुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से शहर में जाम की समस्या गंभीर बनी हुई थी, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानी होती थी।
Source link