![]()
भास्कर न्यूज|मधुबनी रहिका प्रखंड अंतर्गत कपिलेश्वर स्थान मंदिर परिसर से सटे थाना नंबर–8, पुराना खेसरा संख्या 5304 की भूमि को लगभग 25 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद अतिक्रमण मुक्त कराया गया। लंबे समय से इस क्षेत्र में अतिक्रमण की गंभीर समस्या बनी हुई थी, जिससे न केवल मंदिर परिसर प्रभावित हो रही थी, बल्कि आम लोगों को भी आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। प्रशासन द्वारा पूर्व में भी अतिक्रमण हटाने को लेकर अभियान चलाया गया था, लेकिन उस समय अतिक्रमण पूरी तरह समाप्त नहीं हो सका था। इस बार प्रशासन ने पूरी तैयारी और सख्ती के साथ कार्रवाई करते हुए क्षेत्र को पूर्ण रूप से अतिक्रमण मुक्त कराया। प्रशासन की ओर से 4 दर्जन के आस पास अतिक्रमणकारियों को पूर्व में नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमित भूमि खाली करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद जब निर्धारित समय सीमा के बाद भी लोगों द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तब प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा। इसके बाद विधिवत रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यह अभियान दंडाधिकारी सुरेश कुमार एवं थाना प्रभारी आनंद कुमार कश्यप के नेतृत्व में शांतिपूर्ण ढंग से चलाया गया। अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी, जिससे कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही।दंडाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि इस अभियान के तहत अस्थायी दुकान व घर को हटाया गया है। जिन्हें पूर्व में सूचना दी गई थीं उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराना है और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। अतिक्रमण हटने के बाद स्थानीय लोगों में काफी संतोष देखा गया। लोगों ने कहा कि वर्षों बाद कपिलेश्वर स्थान मंदिर परिसर के आसपास का क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त हुआ है।
Source link