![]()
समस्तीपुर में जिला बैडमिंटन एसोसिएशन की देखरेख में आज पटेल मैदान स्थित इंडोर स्टेडियम में जिला स्कूली व ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप हुआ। पुरुष एकल और डबल्स वर्ग के लीग राउंड मुकाबला खेला गया। प्रतियोगिता में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया और अगले चक्र में अपनी जगह बनाई। पुरुष एकल वर्ग के लीग राउंड के पहले चरण में विभव गीतम ने शशांक को, ऋषभ राज ने आरव कुमार को, कार्तिक ने अमन कुमार को, हंसराज ने सुयश राज को, ईशांत राज ने शिवम ठाकुर को, शिवम कुमार ने आयुष कुमार को और राहुल कुमार ने हेमंत ठाकुर को सीधे सेटों में 2–0 से पराजित कर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश किया। प्री-क्वार्टर फाइनल में किया प्रवेश पुरुष डबल्स वर्ग में खेले गए रोमांचक मुकाबलों में हेमंत ठाकुर और शिवम ठाकुर की जोड़ी ने हर्ष राज व आदर्श कुमार की जोड़ी को कड़े संघर्ष में 2-1 से पराजित किया। इसी तरह विभव गीतम और आदित्य चौधरी की जोड़ी ने अतुल कुमार व अथर्व झा की जोड़ी को शिकस्त देकर प्रतियोगिता के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। मैचों के दौरान खिलाड़ियों के आक्रामक शॉट्स, सटीक स्मैश और शानदार कोर्ट कवरेज ने मुकाबलों को बेहद रोमांचक बना दिया। स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्य निर्णायक की भूमिका में बिहार बैडमिंटन संघ के कोचिंग और डेवलपमेंट सचिव सह जिला क्रीड़ा संघ के कोषाध्यक्ष नवीन कुमार रहे। जिला बैडमिंटन संघ के सचिव तरुण कुमार ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Source link