![]()
किशनगंज के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद और विधायक कमरुल हुदा ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) संतोष कुमार से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने जिले की कई प्रमुख समस्याओं से एसपी को अवगत कराया और एक मांगपत्र सौंपा। मुलाकात के बाद विधायक कमरुल हुदा ने बताया कि जिले में सूखे नशे (ड्रग्स) का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब की खुलेआम बिक्री जारी है, जिससे समाज में अपराध और सामाजिक बुराइयां बढ़ रही हैं। सरकारी राजस्व का हो रहा बड़ा नुकसान विधायक ने अवैध खनन और अवैध ईंट भट्टों के कारोबार पर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों से पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है, नदियों का प्राकृतिक स्वरूप बिगड़ रहा है और सरकारी राजस्व का भी बड़ा नुकसान हो रहा है। हाल के दिनों में अवैध खनन के कई मामले सामने आए हैं, जिन पर पुलिस और प्रशासन द्वारा छापेमारी की जा रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। एसपी बोले- पुलिस प्रशासन अवैध गतिविधियों पर सख्त विधायक कमरुल हुदा ने एसपी संतोष कुमार से इन सभी मुद्दों पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की मांग की। एसपी ने इन समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन इन अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि ईदू हुसैन सरफराज, आजाद साहिल सहित अन्य स्थानीय कार्यकर्ता और लोग उपस्थित थे। सांसद डॉ. जावेद आजाद और विधायक कमरुल हुदा ने इस मुलाकात को जिले की सुरक्षा और विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि एसपी के आश्वासन के बाद इन समस्याओं पर जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिससे युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सके और जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
Source link