
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आज, 20 जनवरी को अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। पटना के बांकीपुर से बीजेपी विधायक नितिन नबीन BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने बीजेपी के राष्ट्र सर्वोपरि के नारे को दोहराते हुए कहा कि भाजपा संविधान की भावना को ध्यान में रखकर काम करती है। यही वजह है कि जनता ने हम पर भरोसा जताया है। वहीं, कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस अपने घंघोर पतन की कभी समीक्षा नहीं करती है। एक परिवार ने पार्टी पर कब्जा जमा रखा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “कभी भाजपा ने एक अलग तरह की पार्टी के रूप में अपनी यात्रा शुरु की थी। आज भाजपा सुशासन की पार्टी भी है। देश ने आजीदी के बाद शासन के अलग-अलग मॉडल देखे हैं, कांग्रेस के परिवारवाद का मॉडल, लेफ्ट का मॉडल, क्षेत्रीय दलों का मॉडल, अस्थिर सरकारों का दौर। लेकिन आज देश, स्थिरता, सुशासन और संवेदनशीलता वाला भाजपा का विकास मॉडल देख रहा है।”
कांग्रेस अपने घंघोर पतन की समीक्षा नहीं करती-PM मोदी
वहीं, महाराष्ट्र निकाय चुनाव में कांग्रेस की करारी हार पर बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “कांग्रेस अपने इस घंघोर पतन की समीक्षा नहीं करती क्योंकि अगर समीक्षा करेंगे तो फिर उसी परिवार पर सवाल उठेंगे जिसने कांग्रेस पर कब्जा कर रखा है इसलिए ये बहाने ढूंढते रहते हैं। दूसरी तरफ भाजपा है, हम हार और जीत के बाद समीक्षा करते हैं। मैं फिर महाराष्ट्र चुनाव नतीजों का उदाहरण दूंगा, महाराष्ट्र में निकाय चुनाव में जीतने के बाद हम जश्न में नहीं डूबे, उसी दिन से हमारे महाराष्ट्र के कार्यकर्ताओं ने आने वाले पंचायत चुनाव की तैयारियों के लिए बैठक शुरू कर दी थी। “
BJP के लिए जनता की सेवा सर्वोपरि-PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “जनता की सेवा हमारे लिए हमेशा सर्वोपरि रही है। हमने सत्ता को सुख का नहीं बल्कि सेवा का माध्यम बनाया है इसलिए भाजपा पर जनता का विश्वास निरंतर मजबूत होता गया है। अगर बीते 11 वर्षों की ही बात करें तो भाजपा की यात्रा जनविश्वास अर्जित करने की अद्भुत यात्रा रही है। बीते 11 वर्षों में भाजपा ने हरियाणा, असम, त्रिपुरा और ओडिशा में पहली बार अपने सामर्थ्य से सरकार बनाई। पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में भाजपा जनता की एक बड़ी आवाज़ बनकर उभरी है।”
400 से 100 सीट पर क्यों सिमटी कांग्रेस?
आज देश को याद भी नहीं होगा कि 1984 में कांग्रेस को 400 से अधिक सीटें मिली थीं और देश ने कांग्रेस को करीब-करीब 50 प्रतिशत वोट दिया था, लेकिन आज कांग्रेस 100 सीटों के लिए तरस गई है। मगर हम वो लोग हैं, हमारा वो चरित्र है, हमारे वो संस्कार हैं। खुद से बड़ा दल और दल से बड़ा देश। इसी भाव के साथ बीते 11 वर्षों में हमने अनेक चुनौतियों पर विजय पाई है। ये भाजपा के हर कार्यकर्ता का संस्कार है, भाजपा के हर कार्यकर्ता का जीवनमंत्र है।