![]()
लखीसराय के टाउन थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। इस दौरान चोरों ने कैश, आभूषण और एक मोबाइल फोन चुरा लिया। पीड़ितों की पहचान दामोदरपुर निवासी पंकज यादव और सुनील महतो के रूप में हुई है। बुधवार रात दोनों परिवार खाना खाने के बाद अपने घरों में सो गए थे। चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों घरों में सेंध लगाई। गुरुवार सुबह जब परिवार के सदस्य जागे, तो उन्हें घर की छत पर सामान बिखरा मिला। घर के अंदर जांच करने पर चोरी की पुष्टि हुई, जिसके बाद तत्काल टाउन थाना पुलिस को सूचित किया गया। कैश और सोने के जेवरात लेकर चोर फरार पीड़ित पंकज यादव के भाई सुधीर यादव ने बताया कि उनके बैग से 30 हजार रुपए कैश चोरी हो गए। वहीं, दूसरे पीड़ित सुनील महतो के अनुसार, चोर उनके घर से 15 हजार रुपए, एक सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी कानबाली और एक मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और चोरों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है। प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है। फिलहाल, पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
Source link