![]()
लखीसराय के किऊल थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव के पास बुधवार सुबह एक छात्र की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गोड्डी गांव निवासी मनोज यादव के 16 वर्षीय बेटा गौरव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। गौरव कुमार बुधवार सुबह किसी काम से घर से किऊल की ओर जा रहा था। वृंदावन गांव के पास पहले से घात लगाए बैठे रुदल यादव और उसके बेटे ने उस पर लाठी-डंडों से हमला किया। इसके बाद आरोपियों ने चाकू से गौरव पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की जांच में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही परिजन गंभीर रूप से घायल गौरव को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। किऊल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। 10 साल पहले आरोपी के दादा की हुई थी हत्या एसडीपीओ शिवम कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि करीब दस वर्ष पहले आरोपी के दादा की हत्या हुई थी, जिसमें मृतक गौरव के पिता का नाम सामने आया था और वे इस मामले में जेल भी जा चुके हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और तात्कालिक कारणों का पता लगाया जा रहा है। एसडीपीओ ने बताया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
Source link