![]()
मुजफ्फरपुर में रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। तुर्की थाना क्षेत्र के मधौल मठ के पास न्यू बाईपास पर तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर एक युवक की बाइक लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने गोली भी चलाई और मौके से फरार हो गए। घटना मुजफ्फरपुर-दरभंगा न्यू बाईपास पर हुई। गायघाट थाना क्षेत्र का निवासी शिवम कुमार, जो मुजफ्फरपुर में रह कर आईटीआई की पढ़ाई करता है, अपने घर जा रहा था। मधौल के पास वह अपने दोस्त के साथ रुक कर रील बनाने लगा। तभी एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश उनके पास पहुंचे। चाबी देने से इनकार करने पर पीटा बदमाशों ने शिवम से बाइक की चाबी मांगी। जब शिवम ने चाबी देने से इनकार किया, तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। युवक के लगातार विरोध करने पर बदमाशों ने गोली चला दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। बदमाश बाइक लेकर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित शिवम कुमार ने बताया कि वह मुजफ्फरपुर में किराए पर रहता है और आईटीआई की पढ़ाई करता है। उसने बताया कि अपराधियों ने पहले चाबी मांगी, फिर मारपीट की और विरोध करने पर गोली चलाकर उसकी बाइक लूट ली। मामले में तुर्की थाना प्रभारी संदीप कुमार ने कहा है कि उन्हें सूचना मिली कि सड़क किनारे रील बना रहे युवक से बाइक सवार बदमाशों ने बाइक लूट की वारदात को अंजाम दिया है, जिसके बाद मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की गई है। मौके से एक खोखा भी बरामद किया गया है। फिलहाल पीड़ित की ओर से आवेदन दिया जा रहा है। आवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link