
AI Summit Controversy: AI इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शर्टलेस प्रदर्शन पर राजनीति गरमा गई है। इस मुद्दे को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल लिया है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग भी तोड़ दी।
दरअसल, यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के समिट में हंगामा करने के विरोध में आज बीजेपी दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और जम्मू-कश्मीर में प्रदर्शन कर रही है।
राहुल गांधी माफी मांगे के लगाए नारे
दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता हाथ में पोस्टर लेकर विरोध कर रहे हैं जिस पर लिखा है, ‘कांग्रेस+राहुल गांधी=गद्दार।’ और ‘देशद्रोही राहुल गांधी माफी मांगे।’ इसके अलावा मुंबई के मुलुंड में राहुल गांधी के काफिले को काले झंडे दिखाए गए।
राष्ट्र की साख को भट्टा लगाना था- वीरेंद्र सचदेवा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, ‘इस घटना से स्पष्ट है कि राहुल गांधी इस स्तर तक गिर गए हैं कि वे प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगे हैं। यह AI समिट किसी पार्टी का कार्यक्रम नहीं, राष्ट्र का कार्यक्रम था, इसमें पूरे विश्व के प्रतिनिधि आए थे। इसमें आप क्या दिखाना चाह रहे थे? यह राष्ट्र की साख को भट्टा लगाना था, हम इसका विरोध करते हैं।’
‘किराए के गुंडों के जरिये बदनाम करने की कोशिश…’
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा, ‘कांग्रेस ने ऐसा देश विरोधी कृत्य किया है जिसकी भारत की जनता के मन में कोई माफी नहीं होगी। यह किराए के गुंडों से AI इंपैक्ट समिट जो आज भारत का गौरव बना हुआ है, उसे बदनाम करने की कोशिश एक गद्दारी, देशद्रोह है और देश की जनता इसका जवाब देगी।’
कांग्रेस पर ‘नग्नता की राजनीति’ का आरोप
वहीं बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर ‘नग्नता की राजनीति’ करने का आरोप लगाया गया। समिट के दौरान हंगामा होने पर बीजेपी नेताओं ने इसे राहुल गांधी और उनके समर्थकों की सोची-समझी रणनीति बताया और कहा कि इससे भारत की छवि खराब करने की कोशिश की गई।
सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, ‘विश्व AI शिखर सम्मेलन में जहां एक तरफ भारत की प्रतिभा और बुद्धिमत्ता का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस की निम्नता और नग्नता का एक शर्मनाक प्रदर्शन भी देखने को मिला। जो कुछ कांग्रेस ने किया वह सिर्फ एक राजनीति नहीं है, इसे सिर्फ नकारात्मक राजनीति कहकर छोड़ा नहीं जा सकता। यह राष्ट्र के साथ हो रहे द्रोह के समकक्ष है। पूरा देश इस विषय को लेकर आक्रोशित है। इस तरह के निंदनीय कृत्य के लिए देश की जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी।’