![]()
बांका जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास निगम के अंतर्गत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW), बांका द्वारा राष्ट्रीय बालिका दिवस 2026 के अवसर पर बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल के तहत, बांका जिले के प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, बेलहर में छात्राओं के लिए प्रेरक फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना था। विद्यालय परिसर में महिला सशक्तिकरण, साहस, संघर्ष और सामाजिक चुनौतियों पर आधारित कई प्रेरक फिल्में दिखाई गईं, जिनमें शकुंनतला देवी, लापता लेडीज और मणिकर्णिका जैसी प्रमुख फिल्में शामिल थीं। इन फिल्मों के माध्यम से बालिकाओं को उनके अधिकारों, आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और लक्ष्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। फिल्मों की कहानियों ने छात्राओं को यह समझाया कि कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ इच्छाशक्ति और कड़ी मेहनत से सफलता प्राप्त की जा सकती है। संवाद सत्र किया गया आयोजित फिल्म प्रदर्शन के बाद बालिकाओं के साथ एक संवाद सत्र आयोजित किया गया। इसमें उन्हें यह संदेश दिया गया कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं और शिक्षा, खेल, सेवा, विज्ञान, प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और लगन के बल पर आगे बढ़ सकती हैं। इस संवाद के दौरान बालिकाओं में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और अपने सपनों को साकार करने की दृढ़ इच्छा स्पष्ट रूप से देखी गई। कार्यक्रम का संचालन कर रहे जेंडर स्पेशलिस्ट मोहम्मद महबूब आलम ने बताया कि राष्ट्रीय बालिका दिवस हर वर्ष 24 जनवरी को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा और कल्याण के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अंजिल कुमार ने कहा कि यह दिवस समाज में व्याप्त लैंगिक भेदभाव को समाप्त करने और बालिकाओं को समान अवसर दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। समाज का प्रतिबिंब होता है सिनेमा इस अवसर पर वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ शेखर कुमार दास ने कहा कि सिनेमा समाज का प्रतिबिंब होता है और कई फिल्में लड़कियों के अधिकारों तथा सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बनी हैं। कार्यक्रम के अंत में जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीकांत कुमार ने उपस्थित छात्राओं एवं शिक्षकों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई। इस कार्यक्रम में शिक्षक अमित कुमार, निर्मल कुमार, शिक्षिका सुनीता कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
Source link