पॉलिटिकल रिपोर्टर | पटना केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने लोजपा-आर के विधायक दल की बैठक रविवार को बुलाई। उन्होंने विधानसभा की कार्यवाही, विधायकों के प्रश्न, लोजपा-आर के मंत्रियों के जवाब की जानकारी ली। उन्होंने विधायकों से सरकार में अपनी स्थिति पर बातचीत की। राज्यसभा सीट पर भी चर्चा हुई। पार्टी के विधायकों, सांसदों, पदाधिकारियों ने कहा कि राज्यसभा की एक सीट पार्टी डिजर्व करती है। एक राज्यसभा सांसद लोजपा-आर का होना चाहिए। चिराग ने वेट एंड वाच की नीति पर काम करने को कहा। उन्होंने बैठक में कहा कि एनडीए के नेताओं की बैठक में सीटों की घोषणा होगी। उनकी मां रीना पासवान राज्यसभा नहीं जाएंगी। लोजपा-आर का मुख्य उद्देश्य 5 सीटों पर एनडीए की जीत है। इससे संसद में बिहार के मुद्दे उठाने में सहयोग मिलेगा। जानकारी के मुताबिक 5 में से 2-2 सीटें भाजपा और जदयू को बंट चुकी है। एक सीट पर रालोमो, लोजपा-आर, हम दावेदारी कर रहे हैं। रालोमो अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि विधानसभा चुनाव से पहले उनसे एमएलसी और राज्यसभा सीट देने का वादा किया गया था। हम के जीतनराम मांझी ने कहा है कि लोकसभा चुनाव से पहले दो लोकसभा और एक राज्यसभा सीट देने का वादा किया गया था। लोकसभा की एक सीट दी गई है। उन्हें राज्यसभा की एक सीट मिलनी चाहिए।
Source link