![]()
मुजफ्फरपुर के मोतीझील इलाके में शनिवार दोपहर सेल्स टैक्स (वाणिज्य कर विभाग) की एक विशेष टीम ने कपड़ा शोरूम ‘सागर रेडीमेड एक्सक्लूसिव’ पर छापेमारी की। जिसके बाद अन्य कपड़ा कारोबारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, सेल्स टैक्स विभाग को लंबे समय से शोरूम के टर्नओवर और जमा किए जा रहे टैक्स के आंकड़ों में गबड़ी की शिकायतें मिल रही थीं। आशंका है कि होली के लिए मंगाए गए करोड़ों रुपए के नए स्टॉक में बिना बिल के सामान शामिल है, जिससे सरकार को लाखों रुपए के राजस्व का नुकसान हो रहा है। टीम इन्हीं अनियमितताओं की जांच के लिए शोरूम के दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि बिना बिल के माल मंगाकर बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की जा रही थी। दोपहर लगभग 2 बजे शुरू हुई छापेमारी के दौरान, टीम ने शोरूम में प्रवेश करते ही कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए। सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए शोरूम के प्रवेश और निकास द्वारों को बंद कर दिया गया। अधिकारी अब कंप्यूटर सिस्टम, बिलिंग मशीन, स्टॉक रजिस्टर और गोदाम में रखे स्टॉक का बारीकी से मिलान कर रहे हैं। शोरूम के ऊपरी तलों पर मौजूद स्टॉक की भी सघन तलाशी ली जा रही है ताकि सभी अनियमितताओं का पता लगाया जा सके। बाकी दुकानों के भी शटर गिरे
कार्रवाई की खबर जैसे ही सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर फैली, कई अन्य बड़े शोरूम संचालक भी अपनी वित्तीय अनियमितताओं के डर से दुकानों के शटर गिराकर निकल गए। व्यापारियों में चर्चा है कि विभाग की रडार पर शहर के कई और बड़े संस्थान भी हो सकते हैं।
टैक्स चोरी के आंकड़ें अभी नहीं आए सामने
करीब तीन घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जांच प्रक्रिया जारी है। टीम के साथ आए अधिकारियों ने अभी तक मीडिया को कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है। उनका कहना है कि स्टॉक और कागजातों का मिलान पूरा होने के बाद ही टैक्स चोरी के वास्तविक आंकड़े सामने आ पाएंगे। संभावना है कि देर शाम तक विभाग इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी करे।
Source link