![]()
मुजफ्फरपुर पुलिस ने सकरा-मनियारी थाना क्षेत्र में हुए चर्चित मनीष राज हत्याकांड मामले में 4 को अरेस्ट किया है। ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने एक प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि इस मामले में मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए बदमाशों में इलाके का कुख्यात कन्हाई ठाकुर भी शामिल है, जिस पर हत्या और लूट जैसे करीब 10 गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई में कई सामान भी बरामद किए हैं। ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर के अनुसार एक चाउमिन दुकान पर मनियारी थाना क्षेत्र में मृतक युवक और बदमाशों के बीच आपसी विवाद हुआ था। जिसके बाद मारपीट हुई और फिर मर्डर हुआ था । पुलिस ने किया था लाश का अंतिम संस्कार दरअसल, 16 जनवरी को मनियारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे ट्रैक से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया था। पहचान न हो पाने के कारण शव को एसकेएमसीएच में 72 घंटों तक सुरक्षित रखा गया था। नियमानुसार अवधि बीतने के बाद शव का दाह संस्कार कर दिया गया। हालांकि, बाद में सोशल मीडिया और तस्वीरों के आधार पर मृतक की पहचान मनीष राज के रूप में हुई। मनीष के परिजनों, शोभा देवी और उमेश प्रसाद यादव ने इस संबंध में सकरा थाना में कांड संख्या 36/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी। हत्या की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी की मदद से छापेमारी की और छह बदमाशों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्गेश कुमार, कन्हाई ठाकुर उर्फ अंजनी, दिलीप कुमार, अजय कुमार ठाकुर, रवि रंजन उर्फ रोशन और पंकज कुमार के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी सिलौत, मनियारी क्षेत्र के रहने वाले हैं।
Source link