![]()
कटिहार के सालमारी बलिया बेलौन थाना क्षेत्र के कड़ी गांव में नुजहत बानो (35) की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से खून के नमूने और गोलीबारी से जुड़े वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका की मां राहिला खातून की शिकायत पर एसपी शिखर चौधरी के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने मृतका के ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पति और सौतन सहित कुल 13 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। दिव्यांग बेटी की शादी कुछ समय पहले हुई थी मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि उनकी दिव्यांग बेटी की शादी कुछ समय पहले हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज की मांग और सौतन के साथ अनबन के कारण लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मां के मुताबिक, उनकी बेटी सिलाई-कढ़ाई करके अपना जीवन यापन करती थी। एसपी शिखर चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे यह घटना बलिया बेलौन थाना क्षेत्र के चंदहर पंचायत अंतर्गत खाड़ी गांव में मंगलवार देर रात हुई। अज्ञात अपराधियों ने 35 वर्षीय महिला को गोली मार दी थी। सूचना मिलते ही एसपी शिखर चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपराधियों ने महिला को पांच से छह गोलियां मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। बताया गया कि वह किसी काम से अपने घर के बगल गली में गई थी। गोलियां चलाकर हत्या कर दी, घर के पीछे से भागे इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उसकी हत्या कर दी और घर के पीछे की ओर से फरार हो गए। घटना के समय आसपास मौजूद लोग अपराधियों को नहीं देख सके। मृतका के पति सिकन्दर की यह दूसरी पत्नी थी। पहली पत्नी के साथ पति दिल्ली में रहता है, जबकि घर में उस समय केवल वृद्ध ससुर मौजूद थे। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, जहां नुजहत बानो खून से लथपथ अचेत अवस्था में पड़ी मिली। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस इलाके में नाकाबंदी घटना की सूचना मिलते ही बलिया बेलौन थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में नाकेबंदी कर सघन छापेमारी शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष मो. शाहिद ने बताया कि घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। हर बिंदु पर गहन जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कटिहार एसपी शिखर चौधरी ने पहुंचकर निरीक्षण किया । वहीं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
Source link