![]()
शेखपुरा जिले के कोरमा थाना क्षेत्र के डीह कोसुम्भा गांव में भूमि विवाद को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई के परिवार पर हमला कर दिया। इस मारपीट में छोटे भाई के परिवार के चार सदस्य घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा में भर्ती कराया गया है। घायल राजेश ताती ने बताया कि उनकी मां ने पहले ही दोनों भाइयों के बीच जमीन का बंटवारा कर दिया था। इसके बावजूद, उनके बड़े भाई कार्तिक ताती उनके हिस्से की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। जब राजेश ताती ने इसका विरोध किया, तो कार्तिक ताती अपने बेटों और अन्य परिजनों के साथ उनके घर में घुस आए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
दंपति और बच्चे हुए घायल इस मारपीट में राजेश ताती, उनकी पत्नी जितनी देवी, बेटे नीरज कुमार और पुत्री निशा कुमारी घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित राजेश ताती ने कार्तिक ताती, साहिल कुमार, संजीव कुमार, इंदु देवी, हरिओम और अरुणा देवी पर मारपीट का आरोप लगाया है। घटना की सूचना कोरमा थाना पुलिस को दे दी गई है। कोरमा थाना अध्यक्ष मुरारी कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link