![]()
मैट्रिक परीक्षा-2026 के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर बांका जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार शाम जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला और पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा की अध्यक्षता में संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित कर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। जिले के 34 परीक्षा केंद्रों पर कुल 29,489 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे और प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बैठक में बताया गया कि वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक चलेगी, जबकि 22 फरवरी (रविवार) को अवकाश रहेगा। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 12:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए चार स्तरों पर दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई है। चप्पल पहनकर ही केंद्र में आने की अनुमति होगी
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर केवल वैध प्रवेश पत्र और फोटोयुक्त पहचान पत्र रखने वाले परीक्षार्थियों को ही प्रवेश मिलेगा। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षार्थियों के लिए जूता-मोजा पहनकर प्रवेश वर्जित रहेगा और केवल चप्पल पहनकर ही केंद्र में आने की अनुमति होगी। इरेजर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित
पहली पाली के परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे तक और दूसरी पाली के परीक्षार्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक ही प्रवेश मिलेगा। इसके बाद आने वालों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा कक्ष में मोबाइल, ब्लूटूथ, पेजर, किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, व्हाइटनर और इरेजर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश
कदाचार रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर और आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रों पर “आप सीसीटीवी कैमरा की निगरानी में हैं” लिखे फ्लैश बोर्ड या पोस्टर लगाए जाएंगे ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके। एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का निर्देश दिया
स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सिविल सर्जन को आवश्यक दवाओं के साथ एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। अग्निशमन वाहन की तैनाती भी जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से की जाएगी। परीक्षा अवधि में विशेषकर परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट दुकानों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल कार्यालय परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो अनुमंडल पदाधिकारी, बांका के नियंत्रण में कार्य करेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06424-222225 जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही या कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Source link