![]()
बक्सर के ऐतिहासिक किला मैदान में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य और गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती रामा निषाद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। ध्वजारोहण के साथ ही पूरा किला मैदान देशभक्ति के रंग में रंग गया और “जय हिंद” व “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा। ध्वजारोहण से पहले परेड का निरीक्षण, आकर्षक मार्च पास्ट ध्वजारोहण से पूर्व प्रभारी मंत्री ने पुलिस, एनसीसी, स्काउट-गाइड एवं गृह रक्षकों की टुकड़ियों का निरीक्षण किया। इसके बाद सुसज्जित परेड दल ने अनुशासन और शौर्य का परिचय देते हुए आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ खूब सराहा। जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद समारोह में बक्सर के जिलाधिकारी साहिला, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, सदर विधायक आनंद मिश्रा, राजपुर विधायक संतोष निराला, डुमरांव विधायक राहुल सिंह सहित जिले के वरीय प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। इसके साथ ही जिले के विभिन्न प्रशासनिक कार्यालयों और विद्यालयों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। विकास और एकता का संदेश समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री रामा निषाद ने कहा कि बक्सर जिला विकास के क्षेत्र में लगातार अग्रसर है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं हर वर्ग तक पहुंच रही हैं और आम लोगों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने संविधान की मूल भावना को आत्मसात करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का आह्वान किया। झांकियों में दिखी विकास यात्रा और सरकारी योजनाएं समारोह की खास पहचान विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत की गई आकर्षक झांकियां रहीं, जिनमें जिले की विकास यात्रा और सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया।स्वास्थ्य विभाग की झांकी में जनस्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई, जबकि मद्य निषेध विभाग की झांकी के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया। आयुष्मान भारत योजना की झांकी में गरीबों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं को दर्शाया गया। वहीं नगर परिषद की स्वच्छता झांकी ने “स्वच्छ बक्सर, सुंदर बक्सर” का संकल्प दोहराया। बाल विवाह रोकथाम से संबंधित झांकी ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। सेंट्रल जेल में चल रहे लघु उद्योगों की झांकी के माध्यम से बंदियों के पुनर्वास और आत्मनिर्भरता की पहल को रेखांकित किया गया। जीविका समूह की महिलाओं द्वारा प्रस्तुत झांकी ने ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की प्रेरक तस्वीर पेश की। दर्जनों झांकियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया और सरकारी प्रयासों की झलक सामने रखी। धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह संपन्न कार्यक्रम के अंत में उप विकास आयुक्त ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए समारोह में सहयोग देने वाले सभी विभागों, अधिकारियों, सुरक्षा बलों, सांस्कृतिक दलों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में संपन्न हुआ। किला मैदान में मौजूद हर व्यक्ति के चेहरे पर देशभक्ति की झलक साफ दिखाई दे रही थी।गणतंत्र दिवस का यह आयोजन बक्सर जिले के लिए गौरव, एकता और संविधान के प्रति निष्ठा का प्रतीक बनकर उभरा।
Source link