
Faridabad fire: फरीदाबाद के मुजेशर इलाके में तेल के गोदाम में भीषण आग लगने की खबर आ रही है। आग इतनी भयानक लगी कि दर्जनभर से ज्यादा लोग आग की चपेट में आ गए और बुरी तरह से झुलस गए। उस वक्त वहां खड़ी 10 से ज्यादा गाड़ियां भी बुरी तरह से आग में जलकर स्वाह हो गई। बाइक, कार और जेसीबी मशीन समेत कई गाड़ियों आग की चपेट में आ गई। वहीं, आग में झुलसे लोगों को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया हैं, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैंं। पुलिस और रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंच गई है।
गोदाम में रखे तेल के ड्रमों में ब्लास्ट
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। गोदाम में रखे तेल के ड्रमों में जबरदस्त ब्लास्ट हुए, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही देर में पूरे आसमान में काला धुआं छा गया, जो दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक पूरे गोदाम में आग लग गई। धमाके इतने जोरदार थे कि लग रहा था कोई बम फटा हो।
जेसीबी मशीन समेत दर्जनभर गाड़ियां जलकर राख
भीषण आग ने गोदाम के आसपास खड़ी दर्जनभर से ज्यादा गाड़ियों, बाइक और एक जेसीबी मशीन को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। ये सब जलकर राख हो गईं। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद है। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। पानी की बौछारें की जा रही है। लेकिन आग अभी भी पूरी तरह से बुझी नहीं है। मौके पर मौजूद रेस्क्यू टीम ने कई लोगों की जान बचाई, भीषण आग देखकर पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। लोगों ने बताया कि, फायर ब्रिगेड जल्दी पहुंच गई, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। लेकिन नुकसान काफी हुआ है। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं।