
जनकपुरी में गड्ढे में गिरने से युवक की मौत | Image:
Republic
Delhi Janakpuri news: नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत का मामला अभी पूरी तरह ठंडा भी नहीं पड़ा था कि इस बीच देश की राजधानी दिल्ली से ऐसी ही एक घटना सामने आ गई है। जनकपुरी इलाके में एक गहरे गड्ढे में गिरने से बाइक सवार युवक कमल की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह गड्ढा दिल्ली जल बोर्ड से जुड़ा था। मामले को लेकर प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ऑफिस से घर लौट रहा था कमल, तभी…
हादसा गुरुवार (5 फरवरी) की रात उस वक्त हुआ, जब कमल अपने ऑफिस से घर लौट रहा था। जानकारी के अनुसार, वह रोहिणी स्थित दफ्तर से घर लौट रहा था और कैलाशपुरी में रहता था। कमल की घरवालों से लगातार बात हो रही थी, लेकिन जब वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिवारवाले उसे ढूंढने निकले।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
परिजनों के अनुसार, वे रातभर आधा दर्जन थानों के चक्कर लगाते रहे, जिसमें जनकपुरी से लेकर सागरपुर, विकासपुरी और रोहिणी भी शामिल थे। परिवारवालों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में गंभीरता नहीं दिखाई। सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस का कॉल आया, जिसके बाद घटना का पता चला।
मौके पर पहुंचने पर कमल अपनी बाइक के साथ गड्ढे में गिरा मिला। फिलहाल, परिवारवाले हादसे के लिए जल बोर्ड की लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। साथ ही उनका यह भी कहना है कि हो सकता है किसी ने कमल की हत्या कर गड्ढे में फेंक दिया हो। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
कोई दोषी पाया जाता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा- आशीष सूद
दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने कहा, “मुझे इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे की खबर सुबह 8:30-9 बजे के आसपास मिली, और मैं तब से यहीं हूं… यहां दिल्ली जल बोर्ड का काम चल रहा था, और मैंने जल बोर्ड को इसकी जांच करने का निर्देश दिया है। अगर कोई दोषी पाया जाता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। जल बोर्ड ने सभी सेफ्टी प्रोटोकॉल का ऑडिट किया था और सर्कुलर जारी किए थे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।”
AAP ने BJP पर साधा निशाना
घटना को लेकर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की बीजेपी सरकार को घेरा है। उन्होंने X पर पोस्ट कर लिखा, “शॉकिंग। सड़क में गहरे गड्ढे में एक मासूम बाइक सवार गिर कर फंस गया, रात भर पड़ा रहा और मर गया। नोएडा की घटना से दिल्ली की भाजपा सरकार ने कुछ नहीं सीखा। बस रोज झूठ बोला जाता है।”
इससे पहले 16 जनवरी को नोएडा के सेक्टर-150 में बेसमेंट के लिए बनाए जा रहे गड्ढे में गिरने से इंजीनियर युवराज की कार गिर गई थी। घने कोहरे के चलते कार चला रहे युवक को रास्ता नहीं दिखा। करीब 2 घंटों तक युवराज अंदर से मदद के लिए गुहार लगाता रहा, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।