
BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन | Image:
ANI
नितिन नबीन दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी BJP के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उनके नाम की आधिकारिक घोषणा आज, 20 जनवरी को कर दिया। पार्टी मुख्यालय में प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, अमित शाह समेत दमाम दिग्गजों के मौजूदगी में नितिन नबीन की ताजपोशी हुई। इस अवसर पर नितिन नबीन ने सबसे पहले पार्टी के पूर्व के राष्ट्रीय अध्यक्षों का अभिवादन किया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने कहा कि ‘राजनीति कोई पदभार नहीं, उत्तरदायित्व है और हमारी पार्टी राष्ट्र के लिए काम करती है’।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद नितिन नबीन ने कहा, मैं आज इस अवसर पर पार्टी के पूर्व के राष्ट्रीय अध्यक्षों का स्मरण करता हूं और यहां मौजूद पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों का अभिवादन करता हूं। 2006 में जब मैं पहली बार विधायक बना, तब से मैं देख रहा हूं कि राजनाथ सिंह जी ने किस प्रकार हर कार्यकर्ता से जुड़ने का प्रयास किया। भाजपा के विस्तार में योगदान देने वाले हमारे शीर्ष नेतृत्व ने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता को पार्टी के सर्वोच्च पद तक पहुंचाने का अवसर दिया है, इसके लिए मैं आप सभी को प्रणाम करता हूं।
प्रेरणादायी नेतृत्व की वजह से मैं यहां हूं-नितिन नबीन
नितिन नबीन ने कहा, यदि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक दल बनी है, तो इसकी वजह हमारा प्रेरणादायी नेतृत्व है, हमारी विचारधारा और कार्यकर्ताओं की मेहनत है। वो कार्यकर्ता, जो अनवरत काम करता है,जो कठिन से कठिन परिस्थिति में भी भारत का ध्वज झुकने नहीं देता है। जो सीना ठोककर कहता है, तेरा वैभव अमर रहे मां।
BJP के कार्यकर्ता इन नारों के साथ आगे बढ़ी-नितिन नबीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा, “भाजपा के कार्यकर्ता कुछ नारों को जनसंघ के समय से गढ़ते थे- ‘राम लला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे,’ ‘जहां हुए बलिदान मुखर्जी वह कश्मीर हमारा है’, ‘एक देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं चलेगा।’ भाजपा के कार्यकर्ताओं ने वह समय देखा जब अयोध्या में राम मंदिर का मार्ग प्रशस्त हुआ। जम्मू-कश्मीर की जनता ने धारा 370 से मुक्ति का दौर देखा। जब हम श्रीनगर के लाल चौक में तिरंगा लहराते देखते हैं तो गर्व की अनुभूति होती है। हमने वह दौर भी देखा है जब पाकिस्तान के झंडे लहरा रहे थे और दिल्ली की सरकार मौन बैठी थी… जब 370 की समाप्ति हुई तो कश्मीर की फिज़ा बदली है।”
विधानसभा चुनावों पर क्या बोले BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष
देश में आने वाले समय में होने वाले चुनावों पर नितिन नबीन ने कहा, “अगले कुछ महीनों में तमिलनाडु, असम, बंगाल, केरल और पुडुचेरी में चुनाव होने वाला है और वहां की डेमोग्राफी की चर्चा हो रही है कि किस प्रकार वहां डेमोग्राफी बदल रही है। यह हमारे लिए चुनौती है लेकिन हम पूरी तरह आश्वस्त हैं कि भाजपा का कार्यकर्ता अपने संघर्ष और परिश्रम के बल पर इन पांचों राज्यों में सशक्त भाजपा का नेतृत्व प्रदान करेगा।”
नितिन नबीन ने कहा कि हम ऐसे राजनीतिक दल से जुड़े हैं, जहां राजनीति सत्ता नहीं, साधना है। राजनीति भोग नहीं, त्याग है। राजनीति ऐशो-आराम नहीं, तपस्या है। राजनीति कोई पदभार नहीं, उत्तरदायित्व है।