![]()
सदर प्रखंड की नीमा पंचायत के वार्ड संख्या 03 में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में वार्ड सदस्य मीरा देवी और उनके पति भूषण महतो का झोपड़ीनुमा घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। यह घटना सोमवार की देर रात्रि करीब 12 बजे हुई। मिली जानकारी के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य रात में घर में सो रहे थे, तभी अचानक घर से आग की लपटें उठने लगीं। जब तक परिजन और आसपास के लोग कुछ समझ पाते, आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग बुझने तक घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो चुके थे। पीड़ित परिवार ने इस अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया है। नीमा पंचायत की मुखिया रंजू कुमारी ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।
Source link