![]()
नवादा के नरहट प्रखंड कार्यालय में हिसुआ विधायक अनिल सिंह ने जन समस्याओं की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी व्यक्ति के साथ कोई भेदभाव न हो और सभी के कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं। सुनवाई से पूर्व, भाजपा विधायक अनिल सिंह ने चेतावनी दी कि यदि कोई जनप्रतिनिधि या अधिकारी जाति या किसी अन्य आधार पर भेदभाव करता पाया गया, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से गरीब और असहाय व्यक्तियों के कार्यों को प्राथमिकता से निपटाने और उनकी मदद करने पर जोर दिया। ”मेरे रहते लोगों को बेहतर सड़कें और बिजली मिली” विधायक ने अपने 15 सालों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि मेरे रहते लोगों को बेहतर सड़कें और बिजली मिली है, और कभी कोई भेदभाव नहीं हुआ। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति भेदभाव के माध्यम से अपना काम करवाने का प्रयास करता है, तो उसे सफल नहीं होने दिया जाएगा। जन समस्याओं की सुनवाई के दौरान, सर्वाधिक मामले भूमि विवाद से संबंधित पाए गए। अंचल अधिकारी को सख्त निर्देश दिए गए कि वे इन समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। ”इन योजनाओं के फायदा से वंचित नहीं रहना चाहिए” विधायक ने अधिकारियों को सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार महिला, पुरुष और युवाओं सहित सभी वर्गों को सशक्त बनाने के लिए योजनाएं चला रही है, और कोई भी व्यक्ति इन योजनाओं के फायदा से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री बालिका बालक प्रोत्साहन योजना का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार बच्चों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य कर रही है, जिसकी जानकारी आम जनता तक पहुंचनी चाहिए।
Source link