![]()
खगड़िया में मां सरस्वती की पूजा श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। सरकारी विद्यालयों, निजी शिक्षण संस्थानों, गांव-टोला, मोहल्लों और निजी आवासों में छात्र-छात्राओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की जा रही है। पूरे इलाके में माँ सरस्वती की जयकार से भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। कई स्थानों पर श्रद्धालु प्रतिमा के साथ-साथ तैलचित्रों के माध्यम से भी माँ की आराधना कर रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में भजन-कीर्तन का आयोजन हो रहा है, जबकि निजी शिक्षण संस्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची हुई है। पूजा को लेकर छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। परबत्ता स्थित सार्वजनिक सरस्वती मंदिर में पूजा के अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। सर्वोदय युवक नाट्य कला परिषद, अररिया के तत्वावधान में दो दिवसीय नाट्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 24 जनवरी की रात “जंगल राज” और 25 जनवरी को सामाजिक नाटक “समर्पण” का मंचन होगा। नगर पंचायत के करना गांव में भी पंडाल बनाकर सरस्वती पूजन किया जा रहा है। श्री सार्वजनिक सरस्वती पूजा एवं नाट्य कला परिषद, सलारपुर की ओर से भी पूजा के साथ नाट्य आयोजन किया गया। यहां रात्रि में “दौलत और ईमान” नाटक का मंचन हुआ, जबकि 24 जनवरी को “समर्पण” नाटक का मंचन किया जाएगा। माधवपुर पंचायत अंतर्गत दुरनसिंह उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, माधवपुर के मैदान में सरस्वती पूजा के साथ एक मेले का भी शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर दर्जनों युवक माधवपुर के गंगा तट से स्नान कर दंड प्रणायाम करते हुए पूजा पंडाल पहुंचे, श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा। मेला समिति के अध्यक्ष पंचायत मुखिया आशुतोष कुमार सिंह उर्फ बंटू सिंह और मेला मंत्री दिलीप कुमार उर्फ मुन्ना ने बताया कि माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ मेले की शुरुआत की गई है। रात्रि में जागरण का आयोजन भी किया गया।
Source link