
Weather on Holi: मार्च की शुरुआत के साथ ही दिल्ली-NCR में गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। होली से ठीक पहले चिलचिलाती धूप और बढ़ता तापमान लोगों को परेशान कर रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, आज 2 मार्च 2026 को दिल्ली में ज्यादातर तापमान सामान्य से 4-7 डिग्री ज्यादा रहने वाला है। वहीं, आसमान साफ रहेगा और दिन में 15-25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी।
IMD ने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से 4-7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहने की संभावना है। दिल्ली-NCR में यह ट्रेंड जारी रहेगा, जिससे गर्मी का एहसास होना शुरू हो जाएगा। दिल्ली में 3 मार्च को भी आसमान आज की तरह साफ रहेगा और हवाएं भी चलेंगी।
4 मार्च को दिल्ली में तापमान में और इजाफा होगा। वहीं, 7 मार्च तक हवाओं की रफ्तार भी कम हो जाएगी, इसके बाद गर्मी का एहसास और बढ़ेगा कुल मिलाकर अगले हफ्ते तक गर्मी दस्तक दे देगी। IMD ने बताया कि दिल्ली-NCR में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है, इसलिए बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम लगातार शुष्क और गर्म रहेगा।
IMD ने साफ कहा है कि, उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहेगा। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान जैसे राज्यों में तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि फरवरी का अंत गर्म रहा, जिसके कारण मार्च में जल्दी गर्मी शुरू हो जाएगी। होली 2026 पर यानी 3 और 4 मार्च को दिल्ली में धूप तेज रहेगी, इसलिए पानी ज्यादा पीएं और हल्के कपड़े पहनने की जरूरत महसूस होगी।