![]()
दरभंगा में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की देखरेख में शिरोमणि वीर महाराणा प्रताप जी की 429वीं पुण्यतिथि के अवसर पर लहेरियासराय ऑडिटोरियम में भव्य महाराणा प्रताप स्मृति समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम से पूर्व प्रेक्षा गृह से लोहिया चौक, लहेरियासराय टावर होते हुए पोलो मैदान तक एक विशाल, अनुशासित और भव्य शौर्य यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में क्षत्रिय और क्षत्राणीय समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। ‘महाराणा प्रताप अमर रहें’ के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर अजय सिंह ने कहा कि ‘महाराणा प्रताप केवल एक योद्धा नहीं, बल्कि स्वाभिमान, स्वतंत्रता और राष्ट्रधर्म के जीवंत प्रतीक हैं। आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रनिर्माण में अग्रणी भूमिका निभाए।’ बिहार सरकार के मंत्री मदन साहनी ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन हमें सिखाता है कि कठिन परिस्थितियों में भी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया जाता। घोषणा की कि दरभंगा में उपयुक्त स्थल चिह्नित कर महाराणा प्रताप पार्क और चेतक घोड़े के साथ उनकी आदमकद प्रतिमा का निर्माण कराया जाएगा, जिसके लिए स्थान की तलाश की जा रही है। महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि हमें इतिहास से ऊर्जा लेने का अवसर देती पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. राजू सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि हमें इतिहास से ऊर्जा लेने का अवसर देती है। शिक्षा, संगठन और सेवा के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। विधायक सुजीत सिंह ने कहा कि क्षत्रिय समाज ने सदैव राष्ट्र और समाज के लिए बलिदान दिया है। सामाजिक समरसता और युवाओं के चरित्र निर्माण पर विशेष ध्यान देना होगा। विधायक संजय सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप की गाथा आत्मनिर्भरता और स्वराज की प्रेरणा है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और गौरव की भावना सुदृढ़ होती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष श्री प्रवीण सिंह ‘पिंकू’ ने सभी अतिथियों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दरभंगा जिला संगठन समाजहित, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और एकता के लिए निरंतर कार्य करेगा। महाराणा प्रताप के आदर्शों पर चलकर संगठन को और मजबूत किया जाएगा।
Source link