![]()
दरभंगा शहर के नीम चौक उर्दू बाजार स्थित ऐतिहासिक कुएं का भव्य रूप से सौंदर्यीकरण किया गया है। शुक्रवार को मेयर अंजुम आरा और डिप्टी मेयर नाजिया हसन ने संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन किया। इस मौके पर वार्ड पार्षद सिबगतुल्लाह उर्फ डब्बू खान, खालिकुज्जमा, फिरोज समेत कई लोग मौजूद रहे। मेयर अंजुम आरा ने कहा कि जिस तरह मुजफ्फरपुर की पहचान लीची और हाजीपुर की पहचान केले के स्टैच्यू से होती है, उसी तर्ज पर मिथिला की पहचान को दर्शाने के उद्देश्य से प्रसिद्ध आम का स्टैच्यू यहां लगाया गया है। इससे न केवल शहर की सुंदरता में इजाफा होगा, बल्कि मिथिला की सांस्कृतिक पहचान भी और मजबूत होगी। आने वाले दिनों में मिथिला के पान, मखाना और मछली जैसे पारंपरिक प्रतीकों पर आधारित स्टेच्यू भी शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर लगाए जाएंगे, जो जल्द ही आम जनता को देखने को मिलेंगे। देखने के लिए काफी लोग पहुंच रहे हैं सौंदर्यीकरण कार्य के तहत यहां सेल्फी प्वॉइंट, झरना सहित कई आकर्षक संरचनाओं का निर्माण किया गया है। खास बात यह है कि बनाए गए झरने में इसी ऐतिहासिक कुएं के पानी का उपयोग किया गया है। इस अनोखी पहल को देखने के लिए दूर-दराज से लोग पहुंच रहे हैं। यह स्थान धीरे-धीरे शहर का नया आकर्षण केंद्र बनता जा रहा है।
Source link