![]()
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के सफल और पारदर्शी संचालन के लिए नालंदा के जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुंदन कुमार को आज राज्यस्तरीय समारोह में सम्मानित किया गया। पटना स्थित सिंचाई भवन परिसर के अधिवेशन भवन में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्हें प्रशस्ति पत्र और 20 हजार का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार नालंदा जिले में चुनावी प्रक्रिया के निष्पक्ष, स्वच्छ और भयमुक्त संचालन, मतदाता जागरूकता अभियानों की सफलता और उत्कृष्ट निर्वाचन प्रबंधन के लिए दिया गया है। जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों- अस्थावां, बिहारशरीफ, राजगीर, इस्लामपुर, हिलसा, नालंदा और हरनौत में शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हुआ था। मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि नालंदा में इस बार मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। साल 2020 के विधानसभा चुनाव में जहां कुल मतदान 52.55 प्रतिशत था, वहीं 2025 में यह बढ़कर 59.81 प्रतिशत हो गया। यानी 7.25 प्रतिशत की स्पष्ट वृद्धि। साल 2024 के लोकसभा चुनाव की तुलना में तो यह बढ़ोतरी और भी अधिक रही, जिसमें कुल 9.92 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत 49.89 प्रतिशत था।विशेष रूप से उत्साहजनक बात यह रही कि महिला मतदाताओं की भागीदारी में उल्लेखनीय इजाफा हुआ। साल 2020 में जहां महिला मतदान 51.71 प्रतिशत था, 2025 में यह बढ़कर 60.93 प्रतिशत तक पहुंच गया। सामूहिक प्रयास का परिणाम सम्मान हासिल करने के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुंदन कुमार ने इसे सामूहिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि जिले भर के संपूर्ण मतदाताओं, युवा, महिला, पुरुष और वृद्वजनों, निर्वाचन पदाधिकारियों, कर्मियों, पुलिस प्रशासन और मीडिया बंधुओं के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं, निर्वाचन से जुड़े पदाधिकारियों और कर्मियों, पुलिस प्रशासन, मीडिया प्रतिनिधियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सामूहिक प्रयासों से ही नालंदा जिला लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों, स्वीप गतिविधियों और बेहतर प्रशासनिक समन्वय का सकारात्मक प्रभाव मतदान प्रतिशत में इस उल्लेखनीय वृद्धि के रूप में सामने आया है, जो जिले के लिए गर्व का विषय है।
Source link