![]()
मधुबनी जिले की घोघरडीहा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विरौल निवासी गंगेश कुमार ठाकुर को अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) योगेंद्र कुमार ने रविवार शाम करीब 6 बजे प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार रात 10 बजे घोघरडीहा थाना को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि विरौल गांव में कन्हैया ठाकुर का पुत्र गंगेश कुमार ठाकुर अपने घर के आसपास देशी कट्टा लहराते हुए घूम रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष शुभम कुमार अपनी टीम के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने एक व्यक्ति को चापाकल के पास हाथ-पैर धोते देखा। पुलिस को देखते ही वह भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर तुरंत पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया।
आरोपी की विधिवत तलाशी लेने पर उसकी जैकेट की जेब से एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद हथियार को जब्त कर लिया है। इस संबंध में घोघरडीहा थाना में रविवार को प्राथमिकी संख्या 11/26 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है। एसपी योगेंद्र कुमार ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए जिले के सभी थानों को अवैध हथियारों के खिलाफ सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Source link