![]()
गोपालगंज में स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के बैनर तले सफाई कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक विरोध मार्च निकाला। शहर की सड़कों पर उतरे सैकड़ों सफाई कर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन यह विरोध मार्च नगर परिषद कार्यालय से शुरू होकर शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए जिला समाहरणालय पहुंचा। यहां महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के नाम एक ज्ञापन सौंपा। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि मांगों पर विचार किया जाएगा और जो मामले स्थानीय स्तर के हैं, उनका शीघ्र समाधान निकाला जाएगा। महासंघ के नेताओं ने संबोधित करते हुए कहा कि सफाई कर्मी शहर को स्वच्छ रखने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन सरकार और स्थानीय प्रशासन उनकी जायज मांगों की अनदेखी कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो सफाई कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो सकती है। सफाई कर्मियों ने बताया कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा उन्हें हमेशा से अनदेखा किया जा रहा है और उनका शोषण हो रहा है। सफाई कर्मियों का ईपीएफ का पैसा अभी तक उनके खातों में नहीं भेजा गया है। जो कर्मचारी शहर की सफाई करते हैं, उन्हें हमेशा बीमारी का खतरा बना रहता है, बावजूद इसके सुरक्षा के लिए जरूरी किट, जैसे दस्ताने, मास्क और जूते नियमित रूप से उपलब्ध नहीं कराए जाते हैं। सरकार के आदेश के बावजूद ईएसआई कार्ड नहीं मिला उन्होंने यह भी बताया कि समान कार्य के लिए सभी कर्मियों को समान वेतन का लाभ नहीं दिया जा रहा है। सभी कर्मचारियों को सरकार के आदेश के बावजूद भी आज तक ईएसआई कार्ड मुहैया नहीं कराया गया है। इसके अतिरिक्त, स्थानीय मृत कर्मचारियों के परिवार को अनुकम्पा के आधार पर बहाल नहीं किया जा रहा है। इन्हीं तमाम मुद्दों को लेकर सफाई कर्मी सड़कों पर उतरे हैं।
Source link