![]()
औरंगाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गाड़ी की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बारुण बाजार के पास की है। हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बाजार से लौट रहे थे। घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। घायलों की पहचान बारुण थाना क्षेत्र के बगनाहा गांव निवासी छोटू कुमार और सिंदुरिया गांव निवासी शुभम कुमार के रूप में की गई है। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान परिजनों ने बताया कि दोनों युवक आपस में गहरे दोस्त हैं। बुधवार को वे किसी काम से बारुण बाजार की ओर गए थे और लौटने के क्रम में एनएच-19 पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि गाड़ी का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। नेशनल हाईवे की एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नेशनल हाईवे एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे की एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों की स्थिति गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इधर, अस्पताल कर्मियों की ओर से घटना की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और दोनों घायल युवकों का हाल जाना। परिजनों ने बताया कि दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई थी, जिसके बाद वे बेहतर इलाज के लिए दोनों को बाहर ले जाने का निर्णय लेकर अस्पताल से रवाना हो गए। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-19 पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। बावजूद इसके गति नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। पुलिस की ओर से मामले की जानकारी ली जा रही है और अज्ञात वाहन की पहचान की कोशिश की जा रही है।
Source link