![]()
गयाजी के डुमरिया के रहने वाले 6 मजदूरों की छत्तीसगढ़ में मौत हो गई है। घटना उस वक्त हुई, जब बलौदाबाजार के बकुलाही इलाके में प्राइवेट स्टील प्लांट में ब्लास्ट हो गया। शुरुआती जांच में ये सामने आया है कि प्लांट में धमाका किसी तकनीकी खराबी या दबाव के कारण हुआ है। फिलहाल, टीम जांच कर रही है। ब्लास्ट प्लांट की कोल भट्टी (कोल किल्न) में गुरुवार सुबह करीब 9 बजकर 40 मिनट पर हुआ। ब्लास्ट डस्ट सेटलिंग चैंबर (DSC) में हुआ, जिसके बाद गर्म कोयला और मलबा के रूप में लोहा वहां काम कर रहे मजदूरों पर गिरा। ब्लास्ट के बाद दूर तक धुएं का गुबार दिखा। धमाके में 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों में 5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि मलबे में कुछ मजदूरों के दबे होने की भी आशंका है। आधार कार्ड के जरिए मृत मजदूरों की पहचान की गई। धमाके बाद घायलों को तत्काल भाटापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CSC) और स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से घायलों को बिलासपुर के बर्न ट्रीटमेंट सेंटर भेजा गया है। गयाजी के रहने वाले मृतकों में ये शामिल प्राइवेट स्टील प्लांट सील, मैनेजमेंट से पूछताछ ब्लास्ट की सूचना के बाद बालौदाबाजार के कलेक्टर दीपक सोनी और एसपी भावना गुप्ता के साथ जिला प्रशासन की टीम मौजूद हैं। रियल स्टील प्लांट को सील कर दिया गया है। प्लांट प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है। कलेक्टर दीपक सोनी ने बताया कि बकुलाही क्षेत्र में रियल इस्पात कंपनी में सुबह करीब 9:40 बजे बड़ा हादसा हुआ। कोल भट्टी (कोल किल्न) के डस्ट सेटलिंग चैंबर से गर्म राख (ऐश) ले जा रही पाइपलाइन में लीकेज हो गया, जिससे गर्म राख नीचे गिर गई। इस हादसे में नीचे काम कर रहे 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए बिलासपुर के बर्न ट्रीटमेंट सेंटर भेजा गया है। कलेक्टर ने बताया कि घायल मजदूरों के बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर कलेक्टर से भी संपर्क किया गया है। श्रम विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची है, ताकि प्लांट प्रबंधन पर नियम अनुसार कार्रवाई की जा सके और मृतकों के परिवारों व प्रभावित मजदूरों को उचित मुआवजा दिलाया जा सके। ब्लास्ट में कुल 11 लोगों का किया गया रेस्क्यू एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि इस हादसे में कुल 11 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। इनमें से 6 लोगों की बर्न इंजरी से मौत हो गई। फिलहाल, पुलिस की प्राथमिकता रेस्क्यू ऑपरेशन है। शुरुआती जांच में पता चला है कि सुबह की शिफ्ट में 50 से ज्यादा मजदूर काम पर मौजूद थे। सभी मजदूरों का एक-एक कर सत्यापन किया जा रहा है। स्पंज आयरन प्लांट के बारे में जानिए स्पंज आयरन प्लांट में लौह अयस्क (Iron Ore) से स्पंज आयरन तैयार किया जाता है। यह प्रक्रिया डायरेक्ट रिडक्शन तकनीक से होती है, जिसमें कोयला या गैस की मदद से अयस्क से ऑक्सीजन हटाई जाती है। इससे बना स्पंज आयरन आगे चलकर स्टील बनाने का कच्चा माल होता है, जिसे स्टील प्लांट में भेजा जाता है।
Source link