![]()
खगड़िया के परबत्ता स्थित अगुवानी गंगा घाट पर माघी पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इस वर्ष एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया, जिससे पिछले सभी रिकॉर्ड टूट गए। शनिवार शाम से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था, जो रविवार दोपहर बाद तक जारी रहा। भीड़ के कारण अगुवानी-नारायणपुर जीएन बांध मार्ग और अगुवानी-महेशखूंट सड़क पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। सड़कों पर छोटी-बड़ी गाड़ियों की लंबी कतारें देखी गईं। मेले से जुड़ी तस्वीरें… चौक चौराहों पर पुलिस बल तैनात
माघी पूर्णिमा और संत रविदास जयंती को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं। गोगरी अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर गंगा घाट और प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात किए गए थे। प्रशासन की पुख्ता व्यवस्था के कारण इतनी भारी भीड़ के बावजूद कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। एसडीपीओ साक्षी कुमारी, बीडीओ संतोष कुमार पंडित, सीओ हरिनाथ राम और परबत्ता थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सहित कई अधिकारी दल-बल के साथ लगातार निगरानी कर रहे थे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गंगा घाट पर स्थानीय गोताखोरों की टीम, महिलाओं के लिए चेंज रूम और सहायता केंद्र भी स्थापित किए गए थे। अस्थायी पुल का उपयोग कर रहे
मुख्य गंगा घाट तक पहुंचने के लिए श्रद्धालु उपधारा पर पुल निर्माण कंपनी द्वारा बनाए गए लोहे के अस्थायी पुल का उपयोग कर रहे थे। अत्यधिक भीड़ के कारण यह पुल दिनभर हिलता रहा, जिससे श्रद्धालुओं में भय का माहौल था। सूचना मिलने पर गोगरी एसडीओ साक्षी कुमारी और सीओ हरिनाथ राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्वयं उपस्थित रहकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित पार कराया। 10 दिवसीय मेला और गंगा महायज्ञ से बढ़ी रौनक
स्थानीय विधायक बाबूलाल शौर्य की घोषणा के बाद माघी पूर्णिमा के अवसर पर पहली बार अगुवानी गंगा घाट पर 10 दिवसीय मेला और श्री गंगा महायज्ञ का आयोजन किया गया है। इससे श्रद्धालुओं की संख्या में भारी इजाफा हुआ। स्नान-ध्यान के साथ श्रद्धालुओं ने मेले का भी जमकर आनंद लिया। दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला चलता रहा। सेवार्थ शिविर में निःशुल्क पेयजल व चिकित्सा
माघी पूर्णिमा के मौके पर हमारा परबत्ता सूचना व्हाट्सएप ग्रुप की ओर से लगातार नौवें वर्ष निःशुल्क शुद्ध पेयजल एवं चिकित्सा सुविधा हेतु सेवार्थ शिविर लगाया गया। शिविर का उद्घाटन नगर पंचायत चैयरमेन प्रतिनिधि रंजीत साह, डॉ. सर्वोत्तम कुमार, डॉ. अविनाश कुमार एवं एसआई दिवाकर प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से किया। शिविर में होम्योपैथिक व एलोपैथिक चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। स्नान के दौरान बेहोश हुई एक महिला का यहीं प्राथमिक इलाज किया गया। मुंडन संस्कार, भंडारा और धार्मिक आयोजन
माघी पूर्णिमा के अवसर पर दर्जनों श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। कई श्रद्धालुओं ने गंगा में छागड़ चढ़ाया, वहीं कन्हैयाचक निवासी निकेश कुमार द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया। अखंड रामधुन दिनभर चलती रही, जिससे घाट का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। गंगाजल और मिट्टी साथ ले गए श्रद्धालु
परंपरा के अनुसार स्नान के पश्चात श्रद्धालु गंगाजल और गंगा तट की मिट्टी अपने साथ लेकर गए। मान्यता है कि माघी पूर्णिमा के दिन भरा गया गंगाजल विशेष रूप से पवित्र होता है और पूजा–अर्चना में उपयोग किया जाता है। कुल मिलाकर माघी पूर्णिमा पर अगुवानी गंगा घाट आस्था, भक्ति और श्रद्धा का भव्य केंद्र बना रहा, जहां श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भीड़ ने इस धार्मिक आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
Source link