
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने सीएम योगी की विदेश यात्रा पर तंज कसा। उन्होंने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर भी सरकार पर तीखा हमला बोला।
चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ लोग भारत छोड़कर सिंगापुर और जापान की यात्रा पर निकल गए हैं।
CM के दौरे पर अखिलेश यादव ने उठाए सवाल
उन्होंने कहा, ‘यूपी से चंडीगढ़ कितना करीब है और सहारनपुर कितना ही दूर है? चंडीगढ़ एक प्लान्ड शहर है। आजादी के बाद चंडीगढ़ की जो प्लानिंग हुई, अगर इसी की तर्ज पर दूसरे शहर बसाए होते, तो शायद हमारे शहर भी उसी तरह प्लान्ड दिखते। दिल्ली की समस्या जैसे- AQI, खराब नाले, ट्रैफिक, धूल आदि की समस्या है। इन समस्याओं का समाधान होना चाहिए था।’
सपा प्रमुख ने सीएम योगी पर तंज कसते हुए आगे कहा, ‘लेकिन हमारी कुछ और ही समस्या चल रही है। कुछ लोग भारत छोड़कर सिंगापुर और जापान की यात्रा पर निकल गए हैं। हमारे धर्म के सबसे पूजनीय शंकराचार्य उनपर झूठा मुकदमा लगाना दुख की बात है।’ उन्होंने इस मुद्दे पर निष्पक्ष कार्रवाई की भी मांग की।
‘सिंगापुर में देखें कि जल धारा कितनी दर्शनीय’
इससे पहले सपा मुखिया ने एक्स पर भी लिखा, ‘मुख्यमंत्री विदाई के समय जब ‘माधुर्य-प्रवास’ पर जा ही रहे हैं तो सिंगापुर में ये देख आएं कि जल की धारा कितनी दर्शनीय हो सकती है, उनके राज में तो पानी की धारा सिर्फ पानी की फटी टंकियों से निकलती है या फटे पाइप से। जब देखेंगे तो आंखें फटी की फटी रह जाएंगी। यह सारे काम अपनी गिनती की तरह उल्टा करते हैं, यह जब जाने वाले हैं तब आखिरी ‘रुखसती साल’ में ‘सैर-ए-तजुर्बे’ पर जा रहे हैं।’
उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे पर तंज कसा था। उन्होंने कहा था कि ‘जापान जा रहे हैं तो क्योटो भी चले जाइएगा, जिससे यह पता चल सके कि प्रधान-संसदीय क्षेत्र काशी, क्योटो जैसा क्यों नहीं बन पाया या फिर उसकी विरासत कैसे बिगड़ी? जापान से विरासतों को बचाने और शहरों को आगे बढ़ाने का सकारात्मक सबक लेते आइएगा।’
9 साल के कार्यकाल में दूसरी बार विदेश दौरे पर CM
बता दें कि सीएम योगी अपने 9 साल के कार्यकाल में दूसरी बार विदेश यात्रा पर पहुंचे हैं। वह 22 से 24 फरवरी तक सिंगापुर में हैं। इसके बाद 25 से 26 फरवरी को जापान पहुंचेंगे।