![]()
कटिहार में अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन 2 से 13 फरवरी तक गढ़वाल ग्राउंड, सिरसा मिलिट्री स्टेशन में किया जाएगा। आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस कटिहार द्वारा आयोजित इस रैली में बिहार के 12 जिलों से शॉर्टलिस्ट किए गए पुरुष अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। अग्निपथ योजना के तहत हो रही इस भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं में काफी उत्साह है। सेना भर्ती अधिकारियों के अनुसार, ऑनलाइन पंजीकरण और कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। ऑनलाइन CEE को चयन की पहली सीढ़ी बनाया गया है। इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा, शारीरिक माप परीक्षण और मेडिकल जांच के आधार पर अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया जाएगा। सेना भर्ती कार्यालय कटिहार ने रैली के सफल आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। जिला प्रशासन और स्थानीय सैन्य प्राधिकरण के सहयोग से कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की पूरी व्यवस्था की गई है। मौसम को ध्यान में रखते हुए ठंड और बारिश से बचाव के इंतजाम भी किए गए हैं। सेना अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अनुशासन बनाए रखने और दलालों या एजेंटों के झांसे में न आने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी है। अधिकारियों का कहना है कि अग्निपथ योजना युवाओं को सेना में सेवा का अवसर देने के साथ-साथ उन्हें अनुशासित और कुशल नागरिक के रूप में समाज को लौटाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Source link