![]()
औरंगाबाद के ऐतिहासिक सूर्य नगरी देव में श्री सूर्य नारायण रथ यात्रा सह कलश यात्रा के अवसर पर शुक्रवार को तृतीय आदर्श सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समाजसेवी संगठन देव पर्यटन विकास केंद्र ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में 12 जोड़े वर-वधुओं का निःशुल्क विवाह संपन्न कराया गया। देव नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड एक, थाना के समीप रामलीला मैदान (रानी तालाब परिसर) में देव समेत आसपास के क्षेत्रों से आए हजारों लोग पहुंचे। इस सामूहिक विवाह समारोह में समाज ने मायका बनकर बारह बेटियों को विदा किया। जिन परिवारों के लिए बेटियों का विवाह आर्थिक बोझ बन चुका था, वहां देव पर्यटन विकास केंद्र ने जिम्मेदारी उठाकर एक मिसाल पेश की। दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों से ऊपर उठकर जब समाज ने हाथ बढ़ाया, तो यह आयोजन केवल विवाह संस्कार नहीं रहा, बल्कि सम्मान, समानता और सशक्तिकरण का जीवंत संदेश बन गया। महिलाओं में गाया मंगल गीत रानी तालाब के समीप स्थित मैदान में सजे मंडप, सेहराबांधे दूल्हे, बैंड-बाजे की मधुर धुन और मंगल गीतों की गूंज हर दृश्य किसी संपन्न परिवार के विवाह जैसा प्रतीत हो रहा था। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सात फेरे लेते हुए वर-वधुओं ने केवल जीवनसाथी ही नहीं, बल्कि समाज की स्वीकृति, सुरक्षा और साथ का भरोसा भी पाया। विदाई के समय मां की साड़ी से बंधी हथेलियां और पिता की नम आंखें यह संदेश दे रही थीं कि बेटी अकेली नहीं है। वहां मौजूद महिलाओं की आंखें भी नम थीं, क्योंकि यह पीड़ा भी साझा थी और खुशी भी। हिंदू रीति रिवाज से कराई गई शादी, वर-वधु को उपहार भी दिया गया देव सूर्य मंदिर के ब्राह्मणों की ओर से वैदिक विधि-विधान से सभी विवाह संपन्न कराए गए। इस दौरान नवविवाहित जोड़ों ने जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया। देव पर्यटन विकास केंद्र ट्रस्ट की ओर से सभी 12 जोड़ों को गृहस्थी का पूरा सामान भेंट किया गया। इसमें पलंग, बर्तन सेट, ट्रंक, सिलाई मशीन, वस्त्र, आभूषण सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल थी। इसके अलावा सैकड़ों लोगों ने भी अपनी-अपनी सामर्थ्य के अनुसार वर-वधुओं को सामग्री प्रदान कर इस पुण्य कार्य में सहभागिता निभाई।
नेहा निष्ठा और प्रवीण सिंह के गीतों पर झूमे दर्शक कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और जीवंत बना दिया। सामूहिक विवाह समारोह में गायिका नेहा सिंह निष्ठा, टी-सीरीज गायक प्रवीण सिंह, छोटे बाबा और छोटू छलिया टू ने पारंपरिक व मनोरंजक गीतों की प्रस्तुति दी। दूल्हा गारी, लगन गीत और अन्य लोकगीतों पर झूमते दर्शकों ने आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में समाजसेवी लक्ष्मण गुप्ता, शक्ति मिश्रा, श्री भगवत प्रसाद सिंह मेमोरियल कॉलेज के डायरेक्टर अभय कुमार सिंह, नगर उपाध्यक्ष गोलू गुप्ता, ट्रस्ट अध्यक्ष उदय कुमार सिंह, सचिव सचिन अविनेश कुमार सिंह, उप सचिव दीपक गुप्ता, कोषाध्यक्ष रणधीर चंद्रवंशी, वार्ड पार्षद सीटू सिंह, प्रवीण सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
Source link