![]()
औरंगाबाद मदनपुर थाना परिसर में आज पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें 70 से अधिक मामलों की सुनवाई कर कई शिकायतों का मौके पर ही निष्पादन किया गया। जनता दरबार में सबसे अधिक आवेदन भूमि विवाद से संबंधित हासिल हुए, जिससे स्पष्ट है कि क्षेत्र में जमीन संबंधी मामलों की समस्या गंभीर बनी हुई है। जनता दरबार की अध्यक्षता अम्बरीष राहुल ने की। उन्होंने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया। इस दौरान खिरियावां मानव घाट मंदिर के पास महादलित टोला के पास नाली निर्माण नहीं होने से जलजमाव की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने आवेदन दिया। ग्रामीणों ने कहा कि बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे आवागमन बाधित होता है। सड़क जाम की समस्या से कराया अवगत शिवगंज क्षेत्र में सड़क जाम की समस्या से निपटने के लिए चौराहे पर पुलिस बल की तैनाती की मांग भी उठी। कुशहा निवासी आकाश कुमार ने कुछ लोगों पर जबरन जमीन कब्जाने का आरोप लगाया। बसतपुर निवासी सत्यनारायण सिंह ने बताया कि सड़क पर नाली का पानी जमा रहता है और नाली निर्माण के प्रयास में गांव के कुछ लोग अवरोध उत्पन्न करते हैं। सैलवां की संध्या देवी, घोरहत के राजकुमार, मदनपुर के विजय साव और किशोरी प्रसाद ने भी जमीन विवाद से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। हाजीपुर निवासी ममता देवी ने विपक्षियों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया, जबकि श्रीरामपुर निवासी संतोष पासवान ने अपने घर के पास पीसीसी सड़क निर्माण में कुछ लोगों की ओर से बाधा पहुंचाने की शिकायत दर्ज कराई। शिवगंज-रफीगंज रोड पर मुरलीगंज के पास मिथलेश कुमार ने स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। जनता दरबार में सुलभ-शांतिपूर्ण तरीके से होता विवादों का समाधान एसपी ने कहा कि जनता दरबार के माध्यम से आपसी विवादों का समाधान सुलभ और शांतिपूर्ण तरीके से किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मदनपुर मुख्य बाजार, खिरियावां मोड़, थाना मोड़ और शिवगंज में अवैध रूप से टेम्पो पार्किंग के कारण दुर्घटनाएं होती हैं। इन स्थानों पर अवैध पार्किंग पर रोक लगाने की कार्रवाई की जाएगी। जनता दरबार में चंदन कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर गोपाल कुमार सिंह, थानाध्यक्ष सह पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही जनप्रतिनिधियों में ज्ञानदत्त पाण्डेय, जय शंकर शर्मा, पूर्व मुखिया सुरेंद्र प्रसाद, रंजीत कुमार यादव, मो. सरफराज आलम एवं अन्य लोग भी मौजूद थे।
Source link